सोलन। परवाणू थाना क्षेत्र में तंबू मोड़, चक्कीमोड़ से करीब 800 मीटर पीछे फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई।
सोलन की कसौली तहसील के डाकघर धर्मपुर क्षेत्र में पड़ने वाले गांव सिहारडी मुसलमाना निवासी 66 वर्षीय राम रत्तन की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तारी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जम्मू कश्मीर के राजौरी निवासी और वर्तमान में पंजाब के रोपड़ में एक ठेकेदार के यहां काम करने वाले 30 वर्षीय दीप कुमार ने परवाणू थाने में शिकायत दर्ज की। उनके बयान के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे वे फोरलेन के बाईं ओर मिट्टी परीक्षण (SOIL Testing) का काम कर रहे थे। उसी समय परवाणू से धर्मपुर की ओर जा रही एक छोटी कार HR68C-9991 ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से स्कूटी HP14C-4765 को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर दीप कुमार और उनके सहकर्मी पवन कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने देखा कि लाल रंग की स्कूटी सड़क के किनारे गिरी थी और स्कूटी चालक राम रत्तन गंभीर रूप से घायल थे। कार चालक, सोलन जिले के निवासी साहिल, घायल राम रत्तन को अपनी कार से परवाणू अस्पताल ले गया, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। दीप कुमार ने बताया कि हादसा कार चालक साहिल की तेज रफ्तारी और लापरवाही के कारण हुआ।
परवाणू थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में कार की तेज गति और चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और चालक साहिल से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच जारी है।


No comments:
Post a Comment