किच्छा। उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र में चुटकी देवरिया टोल प्लाजा पर बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर बूम बैरियर को जबरन खोलने के साथ-साथ टोल कर्मियों के साथ मारपीट की, अंदर तोड़फोड़ की और कैश रूम का दरवाजा तक तोड़ डाला। इस दौरान सादी वर्दी में मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना की जानकारी देते हुए टोल कर्मी अनुज तिवारी ने बताया कि आधी रात को हुए इस हंगामे ने टोल प्लाजा पर तनाव का माहौल पैदा कर दिया। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ किच्छा कोतवाली में तहरीर दर्ज कराई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर टोल प्लाजा के अंदर मारपीट और हंगामे की तस्वीरें कैद हुई हैं।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि टोल प्लाजा पर मारपीट और तोड़फोड़ की शिकायत मिली है। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सियासी हलचल पैदा कर दी है। टोल कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाकर पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल, जांच जारी है और इलाके में तनाव बरकरार है।


No comments:
Post a Comment