ऋषिकेश में सनसनी: चंद्रभागा नदी में मिला अमीन का खून से लथपथ शव - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, April 16, 2025

ऋषिकेश में सनसनी: चंद्रभागा नदी में मिला अमीन का खून से लथपथ शव



ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में बुधवार को एक दिल दहलाने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। चंद्रभागा नदी में 51 वर्षीय सरकारी कर्मचारी कमलेश्वर भट्ट का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक ढालवाला निवासी थे और टिहरी जिले के नरेंद्र नगर तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस के अनुसार, कमलेश्वर भट्ट 15 अप्रैल को घनसाली में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौटे थे। उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे वह टहलने के लिए घर से निकले, लेकिन वापस नहीं आए। अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों ने चंद्रभागा नदी में उनका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। 

ढालवाला चौकी और कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव की हालत देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, क्योंकि सिर को भारी पत्थर से कुचला गया था। घटनास्थल से कमलेश्वर का मोबाइल फोन, उनकी एक जोड़ी चप्पल और किसी अन्य व्यक्ति की चप्पल भी मिली। 

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ऋषिकेश एम्स भेजा। कोतवाली प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि हत्या के हर पहलू की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने नरेंद्र नगर मार्ग पर 10 मिनट तक ट्रैफिक जाम कर विरोध जताया। पुलिस अधिकारियों के समझाने और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने के बाद जाम खोला गया। 

पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही हत्यारों का पता लगाया जाएगा। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta