आगरा। शाहगंज के आजमपाड़ा में गुरुवार को चांदी पायल कारखाना संचालक विनय उर्फ वीरू (24) और उनकी पत्नी डॉली (21) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी मचा दी। मौत से पहले वीरू ने अपने साले को व्हाट्सएप पर ऑडियो क्लिप भेजी थी, जिसमें उसने परिजनों पर लड्डू में जहर देने का आरोप लगाया। दंपती की 20 दिन की नवजात बेटी कमरे में रोती मिली। पुलिस ने लड्डू का नमूना फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है और चार लोगों को हिरासत में लिया है।
सिकंदरा के अटूस निवासी डॉली की शादी फरवरी 2024 में वीरू से हुई थी। वीरू का आजमपाड़ा में चांदी पायल का कारखाना था। डॉली के भाई संदीप ने बताया कि शादी के बाद से वीरू के परिजन बाइक और रुपये की मांग कर रहे थे। 20 दिन पहले डॉली ने एसएन अस्पताल में बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद सास, जेठानी और ननद ने बेटी पैदा होने के ताने दिए। इससे दंपती तनाव में था। दो दिन पहले झगड़े के बाद डॉली मायके गई थी और बुधवार सुबह ससुराल लौटी थी।
गुरुवार सुबह 11:27 बजे वीरू ने साले को ऑडियो क्लिप भेजी, जिसमें उसने कहा, “चार लोगों ने हमें कुछ खिला दिया, जल्दी आओ।” संदीप ने बताया कि वह पेपर देने गया था, जिससे देरी हुई। पुलिस के साथ पहुंचने पर वीरू और डॉली मृत मिले। कमरे में आधा लड्डू मिला, जिसके जहरयुक्त होने का शक है। संदीप ने आरोप लगाया कि वीरू के भाइयों राम और टीटू कारखाना हथियाना चाहते थे। दो दिन पहले भी कारखाने के ताले को लेकर उनमें झगड़ा हुआ था, जिसे चौकी पर सुलझाया गया था।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि ऑडियो क्लिप में वीरू ने चार परिजनों का नाम लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। डॉली के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल व मायके पक्ष में तनाव है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।


No comments:
Post a Comment