बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में इंसानियत को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कपकोट क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया और इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में बच्चियां रोते हुए अपनी मां को पुकारती और आरोपियों से दया की भीख मांगती दिख रही हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य अब भी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला कपकोट थाना क्षेत्र का है। परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बागेश्वर के सीओ अजय साह ने बताया कि पीड़ित बच्चियों और आरोपियों के बीच पहले से जान-पहचान थी। सोमवार शाम को तीनों आरोपी ग्रे रंग की वैन्यु कार से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। फिर भी, पुलिस ने कार को काबू में कर लिया और एक आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय योगेश गड़िया (निवासी खाईबगड़, कपकोट) के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में अपने फरार साथियों लक्की कठायत और दीपक उर्फ दक्ष कोरंगा के नाम उजागर किए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। वायरल वीडियो के बाद लोगों में गुस्सा भड़क उठा है और पुलिस पर बाकी आरोपियों को जल्द पकड़ने का दबाव बढ़ गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।


No comments:
Post a Comment