हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में छठ पूजा घाट पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें भाई को बचाने की कोशिश में दो सगी बहनें गंगा की तेज धार में बह गईं। घटना उस समय हुई जब तीन मासूम भाई-बहन घाट पर नहा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, नहाते समय तीनों मासूम गंगा के गहरे पानी में डूबने लगे। भाई को बचाने के लिए दोनों बहनों ने साहस दिखाते हुए उसे किनारे तक पहुंचाने की कोशिश की। इस प्रयास में भाई तो बच गया, लेकिन दोनों बहनें पानी की तेज धार में बह गईं। घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिला है। गोताखोर लगातार गंगा की तेज धार में मासूमों की तलाश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के साथ मिलकर बचाव कार्य में सहयोग किया।
यह हादसा छठ पूजा के पवित्र अवसर पर घाट पर मौजूद लोगों के लिए स्तब्धकारी रहा। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं।


No comments:
Post a Comment