ऋषिकेश: नदी में अमीन की इस युवक ने की थी हत्या,एक चप्पल ने सुलझाई गुत्थी - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, April 20, 2025

ऋषिकेश: नदी में अमीन की इस युवक ने की थी हत्या,एक चप्पल ने सुलझाई गुत्थी


ऋषिकेश। योग नगरी ऋषिकेश से लगते टिहरी जनपद के ढालवाला की चंद्रभागा नदी के किनारे मिली अमीन कमलेश्वर भट्ट के शव की गुत्थी पुलिस से सुलझा ली है। शुरू में सामान्य लगने वाली इस मौत ने पुलिस की तफ्तीश के बाद एक सनसनीखेज हत्याकांड का रूप ले लिया। एसएसपी आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की टीम ने हत्यारे को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक, हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि नेपाल मूल का विकास उर्फ विको था, जो ढालवाला में रह रहा था। विकास ने पूछताछ में कबूल किया कि उसकी मुलाकात कमलेश्वर भट्ट से बाजार में हुई थी। दोनों ने मिलकर शराब पी और फिर चंद्रभागा नदी के किनारे पहुंचे। वहां किसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर विकास ने नदी के किनारे पड़े पत्थरों से कमलेश्वर पर हमला कर उनकी जान ले ली। इसके बाद उसने शव को नदी के पास छोड़कर फरार होने की कोशिश की।

पुलिस की जांच में एक अनोखा सुराग सामने आया, जिसने इस मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। एक सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक को दोनों पैरों में अलग-अलग चप्पल पहने देखा गया। गहन जांच में पता चला कि एक चप्पल मृतक कमलेश्वर की थी। इस छोटे से सुराग ने पुलिस को विकास तक पहुंचा दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विकास को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। आरोपी विकास अब सलाखों के पीछे है, और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने लोगों में विश्वास जगाया है।

ऋषिकेश जैसे शांत शहर में इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta