नालागढ़ :सतवीर हत्याकांड — पत्नी गिरफ्तार, साला फरार - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, April 21, 2025

नालागढ़ :सतवीर हत्याकांड — पत्नी गिरफ्तार, साला फरार


नालागढ़। नालागढ़ के दत्तोंवाल में 16 अप्रैल को सतवीर सिंह की संदिग्ध मौत ने अब हत्या का सनसनीखेज रूप ले लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी हंसी देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक का साला फरार है। हंसी देवी को रविवार शाम कसौली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। फरार साले की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

घटना 16 अप्रैल की शाम को दत्तोंवाल स्थित एक कोठी में हुई, जहां उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी सतवीर सिंह, जो नालागढ़ में राजमिस्त्री का काम करता था, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआत में इसे सामान्य मौत मानकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हो गई थी, लेकिन मृतक के चचेरे भाई की सतर्कता ने मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस ने तुरंत अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा। पोस्टमार्टम में गला घोंटे जाने और शरीर पर संघर्ष के गहरे निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कई लोगों से गहन पूछताछ की और सुरागों के आधार पर सतवीर की पत्नी हंसी देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले सतवीर, उसकी पत्नी और एक ठेकेदार के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और हाथापाई हुई थी। इस दौरान मृतक के साले की भी संलिप्तता सामने आई है, जो अब फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड की गंभीरता से जांच कर रही है। हंसी देवी से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे के कारण और अन्य संदिग्धों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस घटना ने नालागढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग और मृतक के परिजन इस हत्याकांड के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द पर्दाफाश कर सभी दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta