देहरादून: मसूरी मार्ग पर हादसा, खाई में गिरे व्यक्ति की मौत, SDRF ने शव निकाला - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, April 23, 2025

देहरादून: मसूरी मार्ग पर हादसा, खाई में गिरे व्यक्ति की मौत, SDRF ने शव निकाला


देहरादून। उत्तराखंड में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर तराई तक आए दिन दुखद खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला देहरादून के मसूरी मार्ग पर बाटा घाट के पास का है, जहां एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई की, लेकिन व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना 23 अप्रैल 2025 की है, जब जिला नियंत्रण कक्ष, देहरादून ने SDRF को सूचना दी कि मसूरी मार्ग पर बाटा घाट के पास एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। इस सूचना पर SDRF की टीम, अतिरिक्त उप निरीक्षक मुकेश रावत के नेतृत्व में, आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई। 

घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने रोप की मदद से 300 मीटर गहरी खाई में उतरकर व्यक्ति तक पहुंच बनाई। जांच करने पर पता चला कि व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। SDRF ने मृतक के शव को बॉडी बैग में रखकर स्ट्रेचर के माध्यम से खाई से बाहर निकाला और उसे जिला पुलिस को सौंप दिया। 

मृतक की पहचान मसूरी के लंढोर कैंट के मलिंगार निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई। इस घटना ने स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ा दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta