हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में कनखल के जगजीतपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। दो अज्ञात आरोपियों ने एक घर में घुसकर डेढ़ साल के बच्चे के अपहरण का प्रयास किया। बच्चे की बहन ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सिर के बाल काट दिए और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी पीड़ित परिवार के मुखिया डंबर सिंह ने दी, डंबर सिंह मूल रूप से पिथौरागढ़ के अस्कोट क्षेत्र के डालीसेरा घिंघरानी गांव के रहने वाले हैं। डंबर सिंह पिछले तीन महीनों से जगजीतपुर के शनि चौक में किराए के मकान में रह रहे हैं और वहां ठेली लगाकर आजीविका चलाते हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसे और उनके डेढ़ साल के बेटे को उठाने की कोशिश की। बच्चे की बड़ी बहन ने शोर मचाकर और विरोध करके अपहरण को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसके बाल काट दिए।
कनखल थाना प्रभारी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि डंबर सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें। यह वारदात बच्चों की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है।


No comments:
Post a Comment