सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला पुलिस के तीन कर्मचारियों को उनकी असाधारण सेवाओं और अपराध नियंत्रण में शानदार योगदान के लिए पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रतिष्ठित "DGP Disc-2022" अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समारोह 7 अप्रैल को आयोजित किया गया, जिसमें इन पुलिसकर्मियों की निष्ठा और समर्पण की जमकर तारीफ हुई।
सम्मानित होने वालों में एएसआई स्वर्गीय विनोद भगटा शामिल हैं, जिन्होंने इंटेलिजेंस एवं सुरक्षा शाखा में तैनाती के दौरान अति विशिष्ट कार्यक्रमों और चुनावों में उत्कृष्ट प्रबंधन का प्रदर्शन किया। उन्होंने एनडी एंड पीएस, आबकारी और जुआ एक्ट के तहत कई मामलों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर विभाग को गौरव दिलाया। उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।
दूसरे सम्मानित कर्मचारी मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार हैं, जो विशेष जांच इकाई, सोलन में तैनात रहे। साल 2022 में उन्होंने एनडी एंड पीएस और आबकारी एक्ट के तहत 50 से अधिक मामलों की जांच पूरी की और चिट्टा, चरस, पोस्ता भूसी और अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की। उनके प्रयासों ने नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने में अहम भूमिका निभाई।
तीसरे सम्मानित मुख्य आरक्षी जगदीश कुमार हैं, जो साइबर सेल, सोलन में कार्यरत हैं। उन्होंने सीडीआर, आईपीडीआर और सोशल मीडिया विश्लेषण जैसे तकनीकी उपकरणों का उपयोग कर 50 से अधिक आरोपियों को पकड़वाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साइबर अपराधों की कुशल जांच के लिए उन्हें उन्हें साइबर इन्वेस्टीगेटर बैज से से भी नवाजा जा चुका है।
सोलन के एसपी गौरव सिंह ने कहा कि ये सम्मान न केवल इन पुलिसकर्मियों की मेहनत का सम्मान है, बल्कि सोलन पुलिस के अपराध के खिलाफ लगातार संघर्ष को भी रेखांकित करता है। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने इनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा लेने की बात कही।


No comments:
Post a Comment