हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर नकेल कसते हुए उजाला नगर क्षेत्र में चल रहे गैस रिफिलिंग के गैरकानूनी धंधे का पर्दाफाश किया है। एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक गोदाम से 18 घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग मशीन बरामद की गई।
यह कार्रवाई उजाला नगर के पीछे स्थित एक गोदाम में की गई, जहां अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग हो रही थी। मौके पर पहुंची प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीम को देखकर रिफिलिंग में शामिल युवक नफीस फरार हो गया। जांच के दौरान गोदाम से बरामद सामान को पूर्ति विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि आबादी वाले इलाके में इस तरह की गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि बेहद खतरनाक भी हैं, क्योंकि इनसे बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी नफीस के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने गोदाम को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


No comments:
Post a Comment