हिमाचल: कांगड़ा के बनेर खड्ड में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत,12वीं का था छात्र - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, April 6, 2025

हिमाचल: कांगड़ा के बनेर खड्ड में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत,12वीं का था छात्र


कांगड़ा। कांगड़ा जिले के हरिपुर थाना क्षेत्र के बंगोली गांव के पास बनेर खड्ड में एक 17 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बंगोली निवासी रमेश चंद्र के बेटे रोषित के रूप में हुई है। इस घटना ने पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना हरिपुर को सूचना मिली कि बनेर खड्ड में एक युवक का शव देखा गया है। सूचना पर तुरंत हरिपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को खड्ड से बाहर निकाला गया। शव को लगभग 8 फीट गहरे पानी की तलहटी से बरामद किया गया। 

बताया जा रहा है कि रोशित 12वीं कक्षा का छात्र था और हाल ही में उसकी वार्षिक परीक्षाएं खत्म हुई थीं। शनिवार सुबह वह घर से यह कहकर निकला था कि वह खेलने जा रहा है, लेकिन शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो उठे।

परिवार वालों ने रोशित को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बनेर खड्ड के किनारे रोशित के कपड़े और जूते पड़े मिले। पास ही खड्ड में उसका शव पानी में डूबा हुआ दिखाई दिया। यह देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने देर रात करीब 12 बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद शव को खड्ड से निकाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए देहरा भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रोशित अपने पीछे माता-पिता, एक बड़ा भाई, एक छोटी बहन और बुजुर्ग दादी को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह डूबने से हुई मौत का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सटीक कारणों का पता चल सकेगा। इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta