उत्तराखंड: तमंचा लेकर परीक्षा देने पहुंचा छात्र, मचा हंगामा - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, March 24, 2025

उत्तराखंड: तमंचा लेकर परीक्षा देने पहुंचा छात्र, मचा हंगामा


हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की समाजशास्त्र की परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग छात्र तमंचा लेकर परीक्षा देने पहुंचा। इस घटना से शिक्षकों और नकल रोकने के लिए तैनात उड़न दस्ते के सदस्यों के होश उड़ गए।

पुलिस के अनुसार, घटना लक्सर के एक इंटर कॉलेज में हुई, जहां परीक्षा के दौरान उड़न दस्ते के शिक्षकों प्रमोद कुमार, गोविंद कुर्ल, अनुज पांडेय और कृष्ण चंद्र शेखर ने नियमित तलाशी के तहत एक छात्र की जांच की। तलाशी में छात्र के पास से तमंचा बरामद हुआ, जिसके बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। डरे हुए शिक्षकों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने तमंचे को कब्जे में लेकर छात्र को हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि छात्र नाबालिग है। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे सख्त हिदायत देकर परिजनों के हवाले कर दिया। छात्र के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।

लक्सर के कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया, "छात्र के नाबालिग होने के कारण उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। तमंचा पुलिस के कब्जे में है और इसके स्रोत की जांच की जा रही है।" पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र के पास तमंचा कहां से आया और वह इसे परीक्षा केंद्र में क्यों लेकर आया।

इस घटना ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के बीच बढ़ते हिंसक रुझानों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भी इस वाकये को लेकर चिंता देखी जा रही है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta