अब अमृतसर में हिमाचल की तीन बसों पर लिखे आपत्तिजनक नारे, शीशे तोड़े - सत्यमेव जयते

Breaking

Saturday, March 22, 2025

अब अमृतसर में हिमाचल की तीन बसों पर लिखे आपत्तिजनक नारे, शीशे तोड़े


शिमला। खरड़ की घटना के बाद अब अमृतसर में बस अड्डे पर खड़ी हिमाचल की चार बसों में आपत्तिजनक​ नारे लिखे मिले हैं। इनमें से तीन बसों के शीशे सामने से टूटे मिले हैं। इनमें अमृतसर-बिलासपुर, अमृतसर-सुजानपुर, अमृतसर-जवाला जी व अमृतसर-हमीरपुर रूट की बसें शामिल हैं। इस प्रकरण को हिमाचल रोडवेज के अधिकारियों ने अमृतसर पुलिस के सामने रखा है। खरड़ घटनाक्रम के बाद हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने पंजाब के सीएम भगवंत मान के सामने उठाया था। तब आगे से ऐसा कुछ न होने की उम्मीद जगी थी।   

एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने कहा के इस तरह के मामलों के लेकर उनके अधिकारी पंजाब के अधिकारियों के संपर्क में है।

दरअसल कुछ दिन पहले हिमाचल के कुल्लू जिले में पंजाब से आ रहे श्रद्धालुओं की बाइकों पर लगे आपत्तिजनक झंडे देखकर पुलिस ने उहें उतरवा दिया था। इसको लेकर विवाद गहरा गया था। इसी क्रम में पिछले मंगलवार को पंजाब के होशियारपुर में भिंडरावाले के समर्थकों ने एचआरटीसी की बसों और निजी बसों में भिंडरावाला के फोटो चस्पा कर दिए। 18 मार्च को मोहाली के खरड़ में फ्लाईओवर पर हमला किया था। इस संदर्भ में पुलिस मुख्यालय शिमला के उच्च अधिकारियों ने पंजाब के विशेष पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था से मामला सुलझाने के लिए वार्ता की।

परिवहन निगम की हमीरपुर डिपो की बस में तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद यह मामला हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में भी गूंजा। परिवहन निगम ने पंजाब के कई रूट भी बंद कर दिए थे। इस बीच सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पंजाब के सीएम भगवंत मान से इसमें हस्तक्षेप करने के लिए कहा था। सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद अब निगम ने पंजाब जाने वाले सभी रूट किए बहाल कर दिए हैं। लेकिन अब फिर से हमले होने के कारण सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं। पंजाब सरकार आश्वासन के बाद भी सुरक्षा नहीं दे पाई है।

भिंडरावाले के पोस्टर लगाने वालों पर हो राष्ट्रद्रोह का मामला : वीरेश शांडिल्य

एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने कहा कि भिंडरावाले का पोस्टर लगाकर हिमाचल में आने वालों पर राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में हिमाचल के साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री से बात करेंगे। 

दूसरी ओर विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद मुकेश अग्निहाेत्री ने वक्तव्य दिया। कहा कि अमृतसर में चार बसों को नुकसान पहुंचाया। तीन के विंडस्क्रीन तोड़े हैं। बाकी पर खालिस्तान अंकित किया है। हमारी 600 बसें पंजाब के क्षेत्रों से गुजरती हैं। यह हमारे लिए चिंता का विषय है। हमने एफआईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस से संपर्क में हैं। पार्क की गई बसों को नुकसान किया गया है। इस पर कोई न कोई फैसला लेकर सूचित कर दिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta