देहरादून। दून पुलिस में नियुक्त कांस्टेबल शाहनवाज ने रोजा तोड़ते हुए कैंसर पीड़ित युवती के लिए रक्तदान किया। उनके इस कर्तव्य की पुलिस अफसरों ने भी सराहना की है।
शाहनबाज देहरादून पुलिस कार्यालय स्थित पीआरओ शाखा में तैनात हैं। छह मार्च को सूचना मिली कि मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती एक कैंसर पीड़ित युवती को उपचार के लिए तत्काल प्लेटलेट्स की आवश्यकता है। कांस्टेबल शाहनवाज बिना देर किए अस्पताल पहुंचे।
शहनवाज इस समय रमजान के पवित्र महीने में रोजे पर थे। एक युवती के जीवन को बचाने के लिए उन्होंने बिना किसी संकोच के अपना रोजा तोड़कर तुरंत रक्तदान किया। कैंसर पीड़ित युवती के परिजनों ने भी पुलिस के जवान की इस संवेदनशीलता और तत्परता के लिए हार्दिक आभार प्रकट किया।
शाहनवाज इससे पूर्व भी 78 बार स्वेच्छा से रक्तदान कर चुके हैं। उनका यह समर्पण न केवल समाज के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है, बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि वर्दीधारी पुलिस कर्मी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।


No comments:
Post a Comment