देहरादून। कुट्टू के आटे में मिलावट से फैली फूड प्वाइजनिंग की घटना के बाद देहरादून प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसके तहत पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर 22 दुकानों और स्टोरों को चिह्नित कर छापेमारी की और उन्हें सील कर दिया। ये वही दुकानें हैं, जहां से लोगों ने कुट्टू का आटा खरीदा था, जिसके सेवन से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और उन सभी खाद्य पदार्थों को जब्त कर रही हैं, जिनमें मिलावट की आशंका है। दुकानदारों को थाने लाकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुट्टू के आटे का मुख्य सप्लायर सहारनपुर से है।
इस जानकारी के आधार पर देहरादून के जिलाधिकारी और एसएसपी ने सहारनपुर प्रशासन से संपर्क किया और सप्लायर के गोदाम पर कार्रवाई करने को कहा। सहारनपुर में कार्रवाई शुरू हो गई है, वहीं देहरादून से एक विशेष पुलिस टीम गठित कर सहारनपुर के लिए रवाना कर दी गई है।
यह कार्रवाई उस घटना के संदर्भ में की जा रही है, जिसमें सहारनपुर से सप्लाई हुए कुट्टू के आटे में मिलावट के कारण देहरादून में 100 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। प्रभावित मरीजों का इलाज कोरोनेशन अस्पताल और दून मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Update
देहरादून : कुट्टू के आटे से फूड प्वाइजनिंग: 110 लोग अस्पताल में भर्ती, सीएम के आदेश पर छापेमारी शुरू
देहरादून। देहरादून जनपद में कुट्टू के आटे से हुई फूड प्वाइजनिंग की वजह से 110 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सहारनपुर से सप्लाई किए गए कुट्टू के आटे में मिलावट होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके कारण लोगों का स्वास्थ्य खराब हुआ। इस घटना के बाद कोरोनेशन अस्पताल में 66 और दून मेडिकल कॉलेज में 44 मरीज भर्ती किए गए हैं। प्रभावित इलाकों में विकासनगर, पटेलनगर और कोतवाली क्षेत्र शामिल हैं, जहां से कुट्टू का आटा विभिन्न स्टोरों और गोदामों में वितरित किया गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानों और गोदामों से कुट्टू के आटे को जब्त कर लिया है और कार्रवाई जारी है।
सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
सीएम ने जिलाधिकारी देहरादून और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों को समुचित इलाज देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारी को सभी अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहारनपुर की जिस दुकान से कुट्टू का आटा सप्लाई किया गया था, उसे सील कर दिया गया है। इसके अलावा, उस दुकान से जुड़ी अन्य दुकानों को भी सूचित कर दिया गया है और सहारनपुर जिला प्रशासन को देहरादून प्रशासन द्वारा इसकी जानकारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, स्वास्थ्य सचिव को पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर जांच करेंगे, और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment