मुजफ्फरनगर। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को सड़क हादसे में बचाने वाले युवक रजत ने गर्लफ्रेंड के साथ आत्महत्या का प्रयास किया। प्रेमिका की तो उपचार के दौरान मौत हो गई है, जबकि रजत की हालत नाजुक बनी हुई है।
ईटीवी भारत की खबर के अनुसार, मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के बुच्चा बस्ती गांव में निवासी 25 वर्षीय रजत और 21 वर्षीय मनु कश्यप एक दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों पांच साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। फोन पर दोनों घंटों बात किया करते थे। दोनों अलग-अलग बिरादरी के थे। इस वजह से दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते से नाखुश थे। परिजनों ने रजत और मनु की शादी कहीं और तय कर दी थी।
दोनों की शादियां कहीं और तय हो जाने के बाद उनके परिजनों ने उनके मिलने पर रोक लगा दी थी। दोनों ने घर वालों को मनाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली, बल्कि सख्तियां और बढ़ गईं। इसके बाद दोनों को मिलना भी बंद हो गया। बताया जा रहा है कि इसी वजह से दोनों ने मंगलवार को एक साथ आत्महत्या करने की कोशिश की। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मनु की मौत हो गई। युवती की मां ने बेटी को जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। युवती की मां ने युवक पर जहर देने का आरोप लगाया है। सभी पहलुओं की जांच पड़ताल की जाएगी। युवक से भी बातचीत करने की कोशिश की जाएगी।
कार एक्सीडेंट में भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत जख्मी हुए थे। पंत की जान बचाने वालों में रोडवेज चालक, परिचालक समेत रजत भी शामिल था। पंत जब ठीक हुए थे तो उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए रजत का शुक्रिया अदा किया था और उससे मुलाकात भी की थी और उपहार के तौर पर स्कूटी भी दी थी।


No comments:
Post a Comment