सावधान : कल से करवट लेगा उत्तराखंड, हिमाचल और जे एंड के में मौसम - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, February 24, 2025

सावधान : कल से करवट लेगा उत्तराखंड, हिमाचल और जे एंड के में मौसम


देहरादून। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में  मंगलवार यानी कल से मौसम करवट बदलने जा रहा है। इन राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर असम समेत सभी राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को भी उत्तर पश्चिम भारत से लेकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तक कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई और हवाएं भी चलीं।

मौसम विभाग के अनुसार इस आशंका के मूल में उत्तरी ईरान और आसपास के क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। इसके प्रभाव से उत्तर पश्चिम भारत में मौसम अचाक बदलेगा। इसकी वजह से 25 से 28 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, 26 से 28 फरवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश और 27 व 28 फरवरी को उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 

26 फरवरी से 1 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से 25 और 26 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।  कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। 

जम्मू-कश्मीर में महाशिवरात्रि के आसपास भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 25 से 28 फरवरी के बीच कुछ इलाकों में अधिक खराब मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 

हिमाचल प्रदेश में रविवार को मौसम साफ रहा, लेकिन मंगलवार से अगले पांच दिन बहुत खराब मौसम का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार से पांच दिन तक भारी बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta