पंचकुला। हरियाणा पुलिस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप में फंसाने की धमकी देकर जबरन 50 लाख रुपये मांगने का मामला दर्ज कर लिया गया है। रॉकी मित्तल की शिकायत पर सेक्टर पांच की पुलिस ने भाजपा नेता अमित बिंदल और महक नामक महिला को गिरफ्तार किया है। उनको दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
रॉकी मित्तल ने शिकायत में बताया, नौ सितंबर को उसके पास दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला और एक अन्य महिला (महक) ने व्हाट्सएप कॉल की। उसने कहा, ''हमसे नहीं मिले तो उन्हें व मोहन लाल बड़ौली को झूठे व हनीट्रैप में फंसा देंगे। अगले ही दिन फिर फोन किया और कहा कि मोहन लाल बड़ौली से मीटिंग करवाकर पैसे नहीं दिलवाए नहीं तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।''
मित्तल का आरोप है कि अमित बिंदल ने भी उन्हें फोन कर धमकी दी और साजिश रच घर पर हंगामा कराया। इसको लेकर उन्होंने 14 सितंबर को डीजीपी हरियाणा को ऑनलाइन और 18 सितंबर को सेक्टर पांच थाने में शिकायत दी। इसी दिन दोनों महिलाएं उनके निर्माणाधीन घर पहुंचे और खूब हंगामा किया।
इसके बाद उनके व बड़ौली पर कसौली में एफआईआर दर्ज करवा दी गई। रॉकी ने आरोप लगाया कि इन लोगों को संगठित अपराधियों का समूह है, जो लोगों को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठते हैं और एआई की मदद से उनकी सीडी भी बनाते हैं। रॉकी का आरोप है कि पुलिस के बुलाने पर 25 सितंबर को दोनों महिलाएं सेक्टर 5 थाना पहुंची और माफी मांगी। कहा कि वह ये अमित बिंदल के दबाव में कर रही हैं।
उसके बाद 22 जनवरी को फिर से व्हाट्सएप कॉल आई और महक ने कहा कि वह और अमित बिंदल इस पूरे प्लान की मास्टरमाइंड हैं। तुम्हारा और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के साथ समझौता करा दिया जाएगा। बस तुम्हें 50 लाख रुपये देने होंगे।
सेक्टर पांच के थाना प्रभारी हितेंद्र सिंह के अनुसार शिकायत के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। जांच कर रहे हैं कि इस गिरोह ने कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया है।


No comments:
Post a Comment