देहरादून। बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर दो आरोपी उनके गहने ठग ले गए। आरोपियों ने जाते हुए बुजुर्ग महिला को गहने रखे होने बात कहते हुए पालीथिन थमाई। जिसमें बाद में रददी और कंक्रीट निकली। वृद्धा के बेटे की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
योगेश कुमार निवासी नेहरू कॉलोनी ने रविवार को पुलिस को शिकाय दी। बताया कि बीते 12 फरवरी को दोपहर करीब 3:20 बजे उनकी माता रिस्पना पुल के पास स्थित संत रविदास मंदिर गई थी। वहां से वापस आते वक्त रिस्पना पुल के पास एक व्यक्ति ने उनके पास आकर भोजन के लिए कुछ पैसे मांगे। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया, तो वह व्यक्ति बहाने बनाते हुए बातचीत करने लगा और खुद को रिक्शा चालक बताते हुए आईएसबीटी जाने की बात कही।
वृद्धा को छोड़ने के बहाने मीनाक्षी वेडिंग प्वाइंट के पास ले गया। जहां एक अन्य व्यक्ति भी उसके साथ आ मिला। दोनों वृद्धा को बहला-फुसलाकर रिवररेन स्कूल वाली गली में ले गए। वहां, उन्होंने एक चालाकी भरी तरकीब अपनाई। वृद्धा की आंखों में पानी आने और जलन का बहाना बनाकर एक रूमाल मुंह पर लगाया।
इसी दौरान उन्होंने वृद्धा की सोने की चेन और अंगूठियां उतार लीं और बदले में अपना कुछ सामान एक पॉलिथीन में देकर वहां से फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद वृद्धा को मामले का पता लगा। उन्होंने घर जाकर घटनाक्रम बताया।
एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि घटनाक्रम में रविवार को तहरीर दी गई। जिस पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वृद्धा को सम्मोहित कर ठगी करने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की कोशिश कर रही है।


No comments:
Post a Comment