सोलन। शराब पीकर पत्नी से झगड़े के बाद आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति ने पूरे पांच दिन बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। मूलरूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला यह परिवार कुनिहार में किराये के मकान में रहता था। कोविड काम में कारोबार में घाटा होने के कारण मृतक डिप्रेशन में चला गया था इसके बाद ही उसे शराब की लत लगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव को अंतिम संस्कार के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोलन जिला पुलिस के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 14 फरवरी को कुनिहार में किराये के मकान में रहने वाली मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर के प्रतापनगर निवासी दीप्ती ने कुनिहार पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति अमित ने शराब पीकर इनके साथ गाली गलौच की है तथा घर से मरने जाने की बात कह कर निकल गया।
महिला द्वारा दी गई सूचना पर पड़ताल के लिए पुलिस उनके आवास पर पहुंची तो पता चला कि अमित ने स्वयं को कुछ देर पहले ही आग के हवाले कर दिया था, उसकी पत्नी उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनिहार लेकर गई है। इस पर पुलिस टीम सीएच कुनिहार पहुंची।
चिकित्सालय में पुलिस को अमित व्यक्ति जली हुई अवस्था में उपचाराधीन मिला। दीप्ती भी वहीं थी। दीप्ती ने पुलिस को बताया कि अमित को कोविड काल में कारोबार में घाटा हुआ था तब से ही वह डिप्रेशन का शिकार हो गया था। इसके बाद ही उसे शराब पीने की लत लगी। शराब पीकर वह पत्नी के साथ छोटी—छोटी बातों पर झगड़ने लगता और बार बार आत्महत्या करने की धमकियां देता था। वह डिप्रेशन की दवाईयां भी ले रहा था।
पुलिस जांच के अनुसार 14 फरवरी को भी अमित ने सुबह से ही शराब पीना शुरू कर दिया था। इसी बीच उसकी पत्नी दीप्ती से तकरार हुई और वह मरने की धमकी देते हुए घर से निकल गया। इसी बीच दीप्ती ने पुलिस से मदद मांगी थी, लेकिन कुछ देर बाद अमित दोबारा घर पर आया और स्वयं को आग लगाने की कोशिश की। पत्नी दीप्ती ने उसे जैसे तैसे बचाया और चिकित्सालय पहुंचाया।
सीएच कुनिहार से उसे गंभीर अवस्था होने के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। जहां पांच दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने बुधवार को दम तोड़ दिया।
सोलन के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि बुधवार को पीजीआई से उसकी मौत की सूचना पर कुनिहार पुलिस पीजीआई पहुंची और तमाम औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद अमित के शव के पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद उसका बिसरा प्रिर्जव कर लिया गया। हालांकि उसके परिजनों ने उसकी मौत व आत्मदाह को लेकर किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment