चैंपियंस ट्राफी : फोटो शूट में हिस्सा लेने पाकिस्तान नहीं जाएंगे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, पीसीबी की भवें तनीं - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, January 21, 2025

चैंपियंस ट्राफी : फोटो शूट में हिस्सा लेने पाकिस्तान नहीं जाएंगे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, पीसीबी की भवें तनीं


 नई दिल्ली। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को लेकर यह खबर रही है कि वह चैंपियंस ट्रॉफी के उदघाटन समारोह में भाग लेने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएंगे। इन खबरों से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का नाराज होना स्वाभाविक है। मेगा इवेंट का आयोजन फरवरी-मार्च में पाकिस्तान और दुबई में किया जाएगा। उम्मीद की जा रही थी कि रोहित शर्मा पाकिस्तान में होने वाले कप्तानों के परंपरागत फोटोशूट और प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। 

बता दें कि भारत अपने सभी चैंपियंस ट्रॉफी के मैच दुबई में खेलेेगा। इसमें 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला बड़ा मुकाबला भी शामिल है। हालांकि, बीसीसीआई ने रोहित को पाकिस्तान भेजने की खबरों पर न तो कोई पुष्टि की है और न ही इसे खारिज किया है, लेकिन पीसीबी की नाराजगी की एक बड़ी वजह और भी है।

पाकिस्तान बोर्ड के  अधिकारी ने इस बात पर भी नाराजगी जताई है कि भारतीय टीम अपनी जर्सी पर पाकिस्तान का नाम नहीं छापने पर विचार कर रही है। पीसीबी के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "बीसीसीआई क्रिकेट में राजनीति ला रहा है, जो खेल के लिए बिल्कुल भी सही नहीं है। 

पहले उन्होंने पाकिस्तान यात्रा से मना किया, फिर अब कप्तान को उद्घाटन समारोह में नहीं भेज रहे हैं। अब खबरें आ रही हैं कि वे जर्सी पर मेजबान देश का नाम नहीं चाहते। उम्मीद है कि आईसीसी ऐसा होने नहीं देगी और पाकिस्तान का समर्थन करेगी।"

शनिवार को भारत ने आठ-टीमों वाले इस टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। रोहित शर्मा को कप्तान और शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि मोहम्मद शमी, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल भी टीम में शामिल हैं।

पिछली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन पाकिस्तान से हार गया था। इस बार भारत अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई में खेलेगा और 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगा। भारत का ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ होना तय है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta